Saturday, June 3, 2023

राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता मेडल, न्यूजीलैंड को पेनल्टी शूटआउट में हराकर कांस्य पर किया कब्ज़ा

वैभव शुक्ला, नई दिल्ली | Commonwealth Games : बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दसवें दिन भारत ने वुमेंस हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। यह भारत का दसवें दिन का पहला मेडल है। भारत ने न्यूजीलैंड को शूटआउट में 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। निर्धारित समय में दोनों टीमों ने 1-1 गोल किए। स्कोर बराबर होने की वजह से मैच पेनल्टी शूटआउट तक पहुंच गया। शूटआउट में भारत की कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए भारत की झोली में कांस्य पदक डाल दिया। सविता पूनिया ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए न्यूजीलैंड के चार प्रयासों को नाकाम किया।

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली थी हार

Commonwealth Games

भारतीय टीम 16 साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने में सफल हुई है। भारत ने 2002 में गोल्ड और 2006 में सिल्वर मेडल जीता था। भारत को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पेनल्टी शूटआउट में 3-0 से हराया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 मिनट तक स्कोर 1-1 रहा। यहां भी मैच पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, लेकिन इस बार भारत ने कोई गलती नहीं की और 16 साल बाद ब्रॉन्ज़ मेडल जीता।

पहले क्वार्टर में भारत ने की आक्रामक शुरुआत

टीम इंडिया ने मैच की शुरुआत अक्रामक अंदाज में करते हुए पहले ही मिनट में गोल के लिए प्रयास किया। न्यूजीलैंड को 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन गोल नहीं हो सका। 11वें मिनट में संगीता कुमारी गोलपोस्ट के करीब पहुंची लेकिन गोल नहीं कर पाईं। यह मुकाबले में भारत का अब तक का सबसे बेहतरीन अटैक था। पहले क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हो सका।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने 1-0 से बनाई बढ़त

पहले क्वार्टर में 1 भी गोल नहीं करने के बाद भारत दूसरे क्वार्टर में गोल करने के इरादे से उतरा। यहां न्यूजीलैंड ने 27वें मिनट में शानदार मूव बनाया, लेकिन गोल हाथ नहीं लगा। दूसरी ओर भारत की सलिमा टेटे ने 29वें मिनट में टीम के लिए पहला गोल करते हुए खाता खोला। शर्मिला गोलपोस्ट के करीब आसान गोल नहीं कर सकीं, लेकिन सलिमा उनके करीब थीं और उन्होंने गोल दाग दिया।

तीसरे क्वार्टर में भारत को मिला पेनल्टी कॉर्नर

Commonwealth Games

दूसरे क्वार्टर में बढ़त बनाने के बाद भारत ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। मैच में भारत को 35वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। लेकिन टीम इंडिया इसे गोल में नहीं बदल पाई। न्यूजीलैंड ने बराबरी के लिए गोल किया, लेकिन भारत ने रिव्यू ले लिया। भारत का यह फैसला सही साबित हुआ और न्यूजीलैंड को गोल को खारिज कर दिया गया।

चौथे क्वार्टर में बराबरी का हुआ स्कोर

न्यूजीलैंड की टीम ने आखिरी क्वार्टर की शुरुआत आक्रामक अंदाज में करते हुए लगातार दो अटैक किए, लेकिन भारतीय टीम ने उसे निरस्त कर दिया। भारत को 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर टीम गोल नहीं कर सकी। 52वें मिनट में भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और दोनों बार टीम इंडिया गोल करने में नाकाम रही। भारतीय खिलाड़ी की गलती से न्यूजीलैंड को आखिरी मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला और ओलिविया मैरी ने गोल कर स्कोर को बराबर कर दिया।

इसके बाद शूटआउट में भारत की कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए भारत की झोली में कांस्य पदक डाल दिया। सविता पूनिया ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए न्यूजीलैंड के चार प्रयासों को नाकाम किया।

बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय टीम का सफर:

कांस्य पदक मैच में न्यूजीलैंड को पेनल्टी शूटआउट में 2-1 से हराया।
सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पेनल्टी शूटआउट में 3-0 से हराया।
भारत ने ग्रुप मैच में कनाडा को 3-2 से हराया।
भारत को ग्रुप मैच में इंग्लैंड ने 3-1 से हराया।
भारत ने ग्रुप मैच में वेल्स ने 3-1 से हराया।
भारत ने ग्रुप मैच में घाना ने 5-0 से हराया।

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन

साल                :             प्रदर्शन
1998                       चौथा स्थान
2002                       पहला स्थान
2006                       दूसरा स्थान
2010             :           पांचवां स्थान
2014             :           पांचवां स्थान
2018             :           चौथा स्थान
2022             :           तीसरा स्थान

Read More : राष्ट्रमंडल खेलों 2022: इंग्लैंड को हरा, फाइनल में पहुंचा भारत

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related